कल उत्तर बिहार में दिखेगा चक्रवात का असर, बन सकती है कोल्ड-डे की स्थिति

MWB news : बिहार में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है। अगले 2-3 दिन में उत्तर बिहार में और ठंड बढ़ने की संभावना है। दरअसल, दो फरवरी को मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार में चक्रवात का असर दिखने वाला है। इसके असर से आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और ठंडी हवाएं चलेंगी।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिन पश्चिमी विक्षोभ का भी असर देखा जा सकता है, जिससे बादलों की आवाजाही के साथ मौसम में तब्दीली हो सकती है। कई जगह बारिश भी हो सकती है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में घना कोहरा रहने की चेतावनी दी गई है। राज्य के अधिकांश जिलों में अभी भी सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो रही है।
मौसम विभाग की मानें तो 6 फरवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है। 3 फरवरी का पश्चिमी विक्षोभ अधिक शक्तिशाली होगा। इससे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है।



