प्रयागराज महाकुंभ में भीषण आग: दुर्घटना या साजिश? पीएम मोदी ने दिए जांच के निर्देश

प्रयागराज: महाकुंभ 2025 के सेक्टर 19 में रविवार शाम भीषण आग लगने की घटना ने पूरे देश का ध्यान खींचा है। आग लगने का कारण सिलेंडर ब्लास्ट बताया जा रहा है, जिससे करीब 200 टेंट जलकर राख हो गए। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कर जानकारी ली और इस घटना की गहन जांच के निर्देश दिए।
आग का समय और प्रशासन की तत्परता
ADG भानु भास्कर के मुताबिक, आग की सूचना शाम 4:08 बजे मिली। उत्तर प्रदेश पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तीन मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं। स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से क्षेत्र को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। 4:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
DIG वैभव कृष्ण ने बताया कि आग गीता प्रेस के टेंट में लगी थी। हालांकि, किसी अखाड़े को नुकसान नहीं पहुंचा है और कोई जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
आग से बड़ा नुकसान
जानकारी के अनुसार, शास्त्री ब्रिज सेक्टर-19 के कैंप में खाना बनाते समय सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब 200 टेंट जलकर खाक हो गए, जिससे भारी नुकसान हुआ है। दमकल कर्मियों ने प्रभावित क्षेत्र को खाली करा लिया है और पूरे मेला क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
सीएम योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज और मेला क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने दिए जांच के निर्देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी से इस घटना की विस्तृत जानकारी ली और जल्द से जल्द आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दिए। पीएम ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जाए।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घटना पर ट्वीट करते हुए कहा, “महाकुंभ मेले में लगी आग का तुरंत गंभीरता से संज्ञान लिया जाए और ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।”



