CHANDIGARHHARYANA

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की तैयारियों में जुटे ।

एमडब्ल्यूबी न्यूज़ ,चंडीगढ़ । हरियाणा की राजनीति में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रच चुके मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। दिल्ली विधानसभा के चुनाव में अपने गुरु और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ मिलकर 27 साल के बाद कमल खिलाने वाले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब निकाय चुनाव के रण में कूद चुके हैं।

हालांकि अभी पार्टी की ओर से किसी भी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली ने अभी से रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से बैठक की। इस बैठक में हरियाणा में अगले महीने होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की गई। खुद केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर इस बारे में पोस्ट कर जानकारी दी गई है।

दिल्ली में कामयाब रही मनोहर लाल की रणनीति

दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भी गुरु-चेले यानि मनोहर और नायब की जोड़ी पूरी तरह से सफल रही। एक ओर जहां मनोहर लाल ने दिल्ली फतेह करने के लिए रणनीतिक बैठकें की। वहीं, नायब सैनी सिर पर यमुना के पानी का मटका लेकर लोगों के बीच गए। दोनों दिग्गजों की जोड़ी ने दिल्ली में करीब दो दर्जन विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार किया, जहां भाजपा उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराया है। हरियाणा से सटे होने की वजह से दिल्ली की करीब 32 से ज्यादा सीटों पर हरियाणा के नेताओं को प्रभाव है।

नायब सैनी का दिल्ली चुनाव में स्ट्राइक रेट

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई। नायब सैनी ने दिल्ली की 11 विधानसभा सीटों पर जमकर प्रचार किया था। इसमें सुल्तानपुर माजरा, मुंडका, नांगलोई जाट, सीलमपुर, रिठाला, जंगपुरा, तिमारपुर, बवाना, ग्रेटर कैलाश सदर बाजार और शकूरबस्ती विधानसभा क्षेत्र शामिल है। इस दौरान उन्होंने बहुत सी रैलियां और जनसभाएं की। दिल्ली चुनाव में सीएम सैनी का स्ट्राइक रेट 70 प्रतिशत से ज्यादा का रहा है। नायब सैनी ने जिन 11 सीटों पर प्रचार किया, उसमें से बीजेपी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की है।

मनोहर लाल खट्टर का स्ट्राइक रेट बेहतर

सीएम सैनी के अलावा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी दिल्ली चुनाव में बीजेपी के स्टार प्रचारक रहे थे। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 9 सीटों पर जोर-शोर से प्रचार किया था। इसमें शाहदरा, महरौली, आरके पुरम, मोती नगर, कृष्णा नगर, नई दिल्ली, तिलक नगर, राजौरी गार्डन और रोहिणी की सीट शामिल हैं। इस दौरान दिल्ली चुनाव में खट्टर का स्ट्राइक रेट 90 प्रतिशत रहा। बीजेपी ने इन 9 सीटों में से 8 पर जीत हासिल की है।

नामांकन प्रक्रिया हुई शुरू

बता दें कि हरियाणा में होने वाले निकाय चुनाव के लिए आज यानि 11 फरवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जोकि 17 फरवरी तक चलेगी। 18 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 19 फरवरी को सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। इसी दिन 3 बजे के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। दो मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
LIVE NOW