अमेरिका के अवैध अप्रवासी भारतीयों की वापसी, अमृतसर में लैंड किया विमान

अमृतसर, 5 फरवरी: अमेरिकी सैन्य विमान C-17 ग्लोबमास्टर बुधवार दोपहर को अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। यह विमान डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के तहत अवैध प्रवासियों के खिलाफ उठाए गए कदमों के तहत भारत लौटाए गए 104 भारतीय नागरिकों को लेकर आया है। इन 104 लोगों में पंजाब, गुजरात और हरियाणा के लोग शामिल हैं, जिनमें 30 लोग पंजाब के हैं।
अमृतसर एयरपोर्ट पर इस दौरान पंजाब पुलिस द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। एयरपोर्ट पर अमृतसर के पुलिस कमिश्नर, डीसी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। विमान के उतरने के बाद, सभी डिपोर्ट किए गए भारतीयों के बैकग्राउंड चेक किए गए और सुरक्षा उपायों के तहत एयरपोर्ट के कार्गो गेट और एक अन्य प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी।
यह वापसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी अमेरिका यात्रा से पहले हुई है, जिसमें उनका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने का कार्यक्रम है। हाल ही में, मोदी और ट्रंप के बीच इमिग्रेशन मुद्दे पर बातचीत हुई थी, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि अवैध प्रवासियों को वापस लेने के मामले में भारत वही करेगा जो सही होगा।
अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले इन भारतीयों को वापस भेजने के कदम का हिस्सा अमेरिकी सरकार का सख्त इमिग्रेशन कार्यक्रम है, जिसके तहत 18,000 अवैध प्रवासियों को डिपोर्ट करने की योजना है। भारत ने इस मामले में अमेरिका से सहयोग करने का आश्वासन दिया है।



