CHANDIGARHHARYANA

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने औचक निरीक्षण कर चार अधिकारियों को किया निलंबित ।

एमडब्ल्यूबी न्यूज़ ,चंडीगढ़ । हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने सरकारी कर्तव्यों में लापरवाही बरतने पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चार अधिकारियों को निलंबित करने के आदेश दिए। यह कार्रवाई मंत्री द्वारा सडौरा और रायपुर रानी की अनाज मंडियों के औचक निरीक्षण के दौरान की गई।

मंत्री श्याम सिंह राणा ने सडौरा मंडी का दौरा करते हुए मंडी सचिव धर्मेंद्र सिंह और नीलामी रिकॉर्डर बिजेंद्र सिंह को ड्यूटी से अनुपस्थित पाया। इसके बाद उन्होंने रायपुर रानी मंडी का भी निरीक्षण किया, जहां मंडी सचिव नवदीप सिंह और नीलामी रिकॉर्डर राजकुमार भी अपनी ड्यूटी से गायब मिले। मंत्री ने मौके पर ही इन अधिकारियों के निलंबन का आदेश जारी किया।

शिकायतों के बाद हुई औचक जांच

मंत्री ने बताया कि इन मंडियों में अधिकारियों की नियमित अनुपस्थिति की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की पुष्टि के लिए उन्होंने औचक निरीक्षण का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

किसानों को सभी सुविधाएं देने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने रिकॉर्ड रजिस्टर की भी जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में आने वाले किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने उच्च अधिकारियों को भी सख्त हिदायत दी कि सभी कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर समय से मौजूद रहें।

मंत्री ने कहा कि भविष्य में भी वह राज्य की सभी मंडियों और कार्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगे। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
LIVE NOW