अम्बाला में चोरों के हौसले बुलंद,सर्दी के मौसम में बढ़ रही है चोरी की वारदातें ।

एमडब्ल्यूबी न्यूज़ ,चंडीगढ़ । सर्दी के मौसम में अम्बाला में चोरी की वारदात बढ़ गई है। आलम यह है कि कानून से बेखौफ चोर एक ही रात में अलग अलग जगह चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वहीं चोरों को अब भगवान का भी डर नहीं रहा। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि इस बार चोरों ने शहर के प्रेम नगर में स्थित मंदिर को ही निशाना बना डाला। जहां चोर मंदिर में रखे 3 दान पात्रों को तोड़कर उनमें पड़े रुपये लेकर रफूचक्कर हो गये। मंदिर कमेटी का कहना है कि सुबह जब पुजारी मंदिर में आरती करने आये तो चोरी की वारदात का पता चला। जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। वहीं देर रात चोरों ने शहर के जगाधरी गेट पर स्थित एक मीट शॉप को भी अपना निशाना बनाया। जहां चोर खिड़की तोड़कर दुकान में दाखिल हुए और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।



