कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने अपने पोतों को सुनाए दिल्ली चुनाव के रोचक किस्से ।

एमडब्ल्यूबी न्यूज़ ,चंडीगढ़ । दिल्ली में विधानसभा चुनाव के प्रचार में व्यस्तता और उसके बाद खुद की मेहनत के परिणाम का इंतजार कर रहे भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई के मंत्रियों और नेताओं का इंतजार 8 फरवरी को खत्म हो गया। भारतीय जनता पार्टी की ओर से दिल्ली में हुई जीत का जश्न पूरे हरियाणा में मनाया गया। हरियाणा की नायाब कैबिनेट के साथियों और भाजपा नेताओं ने अपने-अपने स्थान पर दिल्ली जीत का जश्न मनाया और साथ ही दिल्ली की जनता को इस फैसले के लिए बधाई भी दी।
दिल्ली में की गई मेहनत का परिणाम सुखद आने के बाद हरियाणा भाजपा के नेताओं ने राहत की सांस ली, क्योंकि दिल्ली के विधानसभा चुनाव में कईं मुद्दों पर हरियाणा और दिल्ली के पूर्व सरकार आमने-सामने थी। इनमें यमुना के पानी का मुद्दा सबसे अहम था। दिल्ली के चुनावी परिणाम के बाद अब हरियाणा भाजपा के नेता अपने परिवार के साथ जीत का जश्न मना रहे हैं।
पोतों को सुनाए चुनाव के रोचक किस्से
इसी कड़ी में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने भी अपने परिवार के साथ दिल्ली जीत का जश्न मनाया। बेदी को मुख्य रूप से दिल्ली की त्रिलोकपुरी विधानसभा सीट पर प्रचार के अलावा हरियाणा के साथ लगती दिल्ली की 32 विधानसभा में पार्टी नेताओं के बीच कॉर्डिनेशन की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके चलते कृष्ण बेदी ने पूरे 35 लगातार दिल्ली में रहकर त्रिलोकपुरी विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में ना केवल जमकर प्रचार किया, बल्कि सभी 32 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर खुद जनता से संपर्क भी किया। अब दिल्ली में मिली प्रचंड जीत के बाद बेदी ने हरियाणा लौटकर अपने परिजनों के साथ जीत का जश्न मनाया। बेदी ने अपने पौतों धीरेन सिंह बेदी और मनहर सिंह बेदी को दिल्ली चुनाव के रोचक किस्से भी सुनाए।
डबल इंजन की सरकार करेगी ‘डबल’ विकास
बेदी ने कहा कि दिल्ली में झूठ की राजनीति करने वालों की हार हुई है। दिल्ली में मिली जीत बीजेपी के कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जिस प्रकार से ट्रांसपेरेंसी के साथ बिना किसी भेदभाव के तमाम राज्यों में बीजेपी की सरकारें काम कर रही है। उसी का परिणाम है कि दिल्ली की जनता ने भी बीजेपी को चुना है। हरियाणा की तरह अब दिल्ली में भी डबल इंजन की सरकार वहां के विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने बीजेपी सरकार बनने को ऐतिहासिक बताया है।



