HARYANATrending News

हरियाणा पुलिस ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड: देश में पहले स्थान पर पहुंची निःशुल्क कैशलेस इलाज योजना

चंडीगढ़, 27 जून: हरियाणा पुलिस ने निःशुल्क कैशलेस इलाज योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में देश में पहला स्थान हासिल कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। यह योजना पहली अक्टूबर 2024 को लागू की गई थी, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटना पीड़ितों को तुरंत और बिना किसी आर्थिक बोझ के इलाज उपलब्ध कराना है।

पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने ट्रैफिक एवं हाइवे विंग की टीम को इस सफलता पर बधाई दी और कहा कि यह योजना जनसेवा, सुशासन और जवाबदेही का उत्कृष्ट उदाहरण है। योजना के तहत अब तक 3167 सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को हरियाणा पुलिस ने त्वरित और कैशलेस इलाज मुहैया कराया है, जो देश के किसी भी राज्य से सर्वाधिक है।

हरियाणा ने डिजिटल तकनीक का बेहतरीन उपयोग करते हुए 6 घंटे के अंदर केस अप्रूवल की प्रक्रिया शुरू की है। राज्य के सभी जिलों में डीएसपी स्तर के अधिकारी नोडल अधिकारी के रूप में तैनात हैं, जो 24×7 सक्रिय जिला सड़क सुरक्षा सेल चलाते हैं। इसके अलावा, एक समर्पित व्हाट्सएप नेटवर्क से रियल टाइम मॉनिटरिंग भी की जा रही है, जो प्रशासनिक दक्षता का अनूठा उदाहरण है।

हरियाणा देश का पहला राज्य है जिसने CCTNS और e-DAR सिस्टम को सफलतापूर्वक जोड़कर दुर्घटना से जुड़ा डेटा तत्काल उपलब्ध कराया है, जिससे जांच तेज और पारदर्शी हुई है। साथ ही 112 और 108 की सेवाओं को जोड़ा गया है, जिससे दुर्घटना के समय पुलिस, एम्बुलेंस और अस्पताल एक साथ सक्रिय होते हैं।

MoRTH द्वारा इस मॉडल को पूरे देश के लिए अनुकरणीय बताया गया है। अब राज्य में 1228 अस्पताल इस योजना में पंजीकृत हैं, जिससे हर दुर्घटना पीड़ित को त्वरित और उचित इलाज मिलता है।

यह उपलब्धि हरियाणा पुलिस की तकनीकी दक्षता, मानवीय संवेदनशीलता और प्रशासनिक सजगता का प्रमाण है। देश के अन्य राज्यों में भी इस मॉडल को अपनाने की पहल तेज हो रही है।

हरियाणा पुलिस की यह पहल न केवल कानून की बल्कि इंसानियत की भी सुरक्षा का प्रतीक है, जो समय पर राहत देकर जीवन बचाने में अहम भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
LIVE NOW