HARYANA

पंचकूला में पत्रकारों के लिए एआई ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारंभ आज, स्पीकर हरविंदर कल्याण करेंगे उद्घाटन

आधुनिक पत्रकारिता और तकनीक को जोड़ने की बड़ी पहल, पत्रकारों को मिलेंगी इंश्योरेंस सुविधाएं भी

पंचकूला। बदलते डिजिटल दौर में पत्रकारों को नई तकनीकों से जोड़ने की दिशा में मीडिया वेलबींग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) ने अहम कदम उठाया है। संस्था की ओर से 29 मई को पंचकूला स्थित रेड बिशप में पत्रकारों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ट्रेनिंग कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम का उद्घाटन हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण करेंगे।

इस विशेष पहल का उद्देश्य पत्रकारों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल मीडिया और एआई आधारित पत्रकारिता के नए आयामों से परिचित कराना है, ताकि वे तेजी से बदलती मीडिया दुनिया में खुद को और अधिक सक्षम बना सकें।

डॉ. मनमोहन सिंह देंगे एआई ट्रेनिंग

पत्रकारों को एआई और डिजिटल मीडिया की ट्रेनिंग देने के लिए सेवानिवृत्त खुफिया अधिकारी डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम तैयार की गई है। डॉ. सिंह लंबे समय से सामाजिक और मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह ऑल इंडिया समाज सेवा केंद्र के अध्यक्ष हैं तथा सांझा रेडियो के चेयरमैन के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा वे yestvee.in से भी जुड़े हुए हैं और अब तक 35 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं।

पत्रकारिता में तकनीकी बदलावों पर फोकस

मीडिया वेलबींग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने कहा कि पत्रकारिता तेजी से तकनीकी बदलावों के दौर से गुजर रही है। ऐसे में पत्रकारों के लिए एआई जैसी आधुनिक तकनीकों की समझ बेहद जरूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में पत्रकारों को एआई टूल्स के इस्तेमाल, डिजिटल कंटेंट निर्माण, फैक्ट चेकिंग, तेज और प्रभावी समाचार लेखन तथा आधुनिक मीडिया तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इससे पत्रकार अपने काम को अधिक सटीक और प्रभावशाली बना सकेंगे।

आधुनिक पत्रकारिता की चुनौतियों पर होगी संगोष्ठी

कार्यक्रम के दौरान “आधुनिक पत्रकारिता में चुनौतियां” विषय पर विशेष संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। इसमें वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां भाग लेंगी। संगोष्ठी में फेक न्यूज, सोशल मीडिया का बढ़ता दबाव, डिजिटल मीडिया का प्रभाव, तकनीकी बदलाव और पत्रकारों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशल करेंगे। वहीं दैनिक उत्तम हिन्दू के प्रधान संपादक इरविन खन्ना गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में मौजूद रहेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। समाजसेवी अजय वीर सहगल वेलकम कमेटी के चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे।

AI Training for Journalists

पत्रकारों को मिलेंगी मुफ्त इंश्योरेंस सुविधाएं

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों को मुफ्त कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी भी वितरित की जाएगी। इसके साथ ही संस्था द्वारा पिछले कई वर्षों से संचालित मुफ्त एक्सीडेंटल और टर्म इंश्योरेंस योजनाओं का लाभ भी पत्रकारों को मिलेगा। संस्था का कहना है कि पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना उसकी प्राथमिकता है, ताकि वे बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।

जरूरतमंद पत्रकारों की सहायता में सक्रिय संस्था

एमडब्ल्यूबी ने कई पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवाई है। संस्था के अनुसार, प्रसार भारती के एडवाइजर ज्ञानेंद्र भरतिया के निधन के बाद उनके परिवार को इंश्योरेंस योजना के तहत 10 लाख रुपये की सहायता मिली थी। इसके अलावा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पत्रकारों को भी संस्था समय-समय पर आर्थिक सहयोग देती रही है।

वरिष्ठ पत्रकारों का होता है सम्मान

संस्था हरियाणा में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को विशेष रूप से सम्मानित करती है। साथ ही हर वर्ष उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए चुनिंदा पत्रकारों को विशेष सम्मान भी दिया जाता है। संस्था अब हरियाणा से बाहर भी अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है और विभिन्न राज्यों में पत्रकार कल्याण से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

पत्रकार हित में सरकार से मनवाई अहम मांगें

चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि संस्था ने पत्रकारों के हित में सरकार के सामने कई मुद्दे उठाए, जिनमें कुछ महत्वपूर्ण मांगों को स्वीकार भी किया गया। इनमें पत्रकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर पेंशन रोकने का प्रावधान समाप्त करवाना और एक परिवार में एक से अधिक मीडिया कर्मियों की स्थिति में पेंशन संबंधी शर्तों में बदलाव शामिल है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पत्रकारों के हित में और भी बड़े फैसलों पर काम किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
LIVE NOW