BJP प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली और सिंगर रॉकी मित्तल को बड़ी राहत
हिमाचल पुलिस ने दुष्कर्म का मामला किया खारिज, सबूतों की कमी बनी वजह

चंडीगढ़, 7 फरवरी – भारतीय जनता पार्टी (BJP) की हरियाणा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल को बड़ी राहत मिली है। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने उनके खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले को सबूतों के अभाव में खारिज कर दिया है। पुलिस जांच में पाया गया कि शिकायतकर्ता महिला और गवाह के बयान विरोधाभासी थे और कोई ठोस सबूत नहीं मिला, जिससे आरोपों की पुष्टि हो सके।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
हिमाचल प्रदेश पुलिस के अनुसार, कथित पीड़िता और उसकी सहेली के बयानों में भारी विरोधाभास था। साथ ही, शिकायतकर्ता महिला ने मेडिकल परीक्षण कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने होटल से सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन ऐसा कोई भी वीडियो या साक्ष्य नहीं मिला, जिससे महिला के दावों की पुष्टि हो सके।
इसके अलावा, महिला की सहेली, जो इस मामले की एकमात्र प्रत्यक्षदर्शी थी, उसने भी इन आरोपों को नकार दिया। पुलिस के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने में देरी के कारण सबूत जुटाना और चार्जशीट दाखिल करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। इन सभी तथ्यों को देखते हुए, हिमाचल पुलिस ने इस मामले को क्लोज करने की रिपोर्ट फाइल कर दी है।
क्या था मामला?
13 दिसंबर 2023 को एक महिला ने हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन बड़ौली और सिंगर रॉकी मित्तल पर गैंगरेप का आरोप लगाया था। उसने शिकायत में कहा था कि कसौली के एक होटल में वर्ष 2023 में उसके साथ यह घटना घटी थी।
हनीट्रैप का आरोप, तीन गिरफ्तार
इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब पंचकूला पुलिस ने सिंगर रॉकी मित्तल की शिकायत पर महिला और उसके साथियों के खिलाफ हनीट्रैप का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय
इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी काफी हलचल मचाई थी। जब मामला दर्ज हुआ, तब इसे राजनीतिक साजिश से जोड़कर देखा जा रहा था। मोहनलाल बड़ौली ने शुरुआत से ही इन आरोपों को झूठा और आधारहीन बताया था। अब जब पुलिस ने मामला खारिज कर दिया है, तो इसे बड़ौली और मित्तल की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है।



