हरियाणा का बजट सबकी राय से होगा तैयार: सीएम नायब सैनी

पंचकूला, 20 जनवरी: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला में आयोजित प्री-बजट बैठक में आगामी राज्य बजट को समावेशी और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 2500 से 3000 सुझाव प्राप्त हो चुके हैं और बजट में हर वर्ग के विचारों को समाहित किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने “लखपति दीदी” योजना से जुड़ी महिलाओं के सुझावों को बजट का हिस्सा बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पानीपत और फरीदाबाद में उद्योगपतियों और टेक्सटाइल इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि उनकी जरूरतों को समझा जा सके।
सरकार ने बजट निर्माण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपने सुझाव दे सकते हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष और विधायकों के सुझावों को भी महत्व देने की बात कही, ताकि राज्य के समग्र विकास के लिए सभी पक्षों का सहयोग लिया जा सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में महिलाओं के लिए विशेष योजनाओं और उद्योगों के विकास पर ध्यान केंद्रित करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने सभी नागरिकों, उद्योगपतियों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने विचारों से बजट निर्माण प्रक्रिया को मजबूत करें।



