CHANDIGARHHARYANA

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के अधिकारियों को निर्देश, खाली पड़े “पैक हाउस कम कोल्ड स्टोर” फिर से किए जाए शुरू ।

एमडब्ल्यूबी न्यूज़,चंडीगढ़ । हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा निर्मित खाली पड़े “पैक हाउस कम कोल्ड स्टोर” का बागवानी विभाग के सहयोग से फिर से परिचालन शुरू किया जाए ताकि किसानों को अपने फ़ल एवं सब्ज़ी का संरक्षण करने में आसानी हो। इसके अतिरिक्त उन्होंने मार्किट कमेटी डबवाली के अंतर्गत आने वाले खरीद केन्द्र अबूबशहर में किन्नू फल व सब्जी मण्डी स्थापित किये जाने के बारे में भी चर्चा की। इससे अबूब शहर के आस पास के किसानों को विशेष लाभ होगा।

राणा यहां अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजा शेखर वुंडरू , हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकेश आहूजा, महानिदेशक डॉ. रणवीर सिंह भी उपस्थित थे।

100 दिन के एजेंडे पर तैयार हो रिपोर्ट’

श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को प्रदेश सरकार के 100 दिन के एजेंडे पर रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने बताया कि सरकार के गठन के बाद अक्टूबर में तैयार किए गए 100 दिन के रोडमैप पर फीडबैक लेने के लिए वह विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन सहित सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें चल रही हैं।
पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में श्याम राणा ने सरकार की योजनाओं और घोषणाओं पर काम करने के निर्देश भी दिए। साथ ही राज्य की गौशालाओं और नंदीग्राम गौशालाओं में सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कुंभ में स्नान सौभाग्य की बात

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उनके सभी मंत्रिमंडल सहयोगियों के 7 फरवरी को प्रयागराज, उत्तर प्रदेश में आयोजित हो रहे महाकुंभ-2025 में जाने के सवाल पर श्याम सिंह राणा ने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात होगी, क्योंकि यह ऐतिहासिक अवसर दुर्लभ ग्रह-योग के कारण 144 वर्षों के बाद हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
LIVE NOW