करनाल में बड़ा ट्रेन हादसा टला, एक डिब्बा पटरी से उतरा, सभी यात्री सुरक्षित

करनाल, 25 फरवरी: करनाल के नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कुरुक्षेत्र से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन का एक डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया, हालांकि, समय रहते ट्रेन को रोका गया और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन में अचानक तेज आवाज सुनकर चालक ने ट्रेन को तुरंत रोक लिया, जिससे हादसा टल गया। इस घटना के बाद ट्रेन के अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटनास्थल पर रेलवे कर्मचारी और इंजीनियर पहुंचे और पटरी से उतरे डिब्बे की मरम्मत के लिए सक्रिय रूप से काम शुरू कर दिया। फिलहाल, एक लाइन बाधित है, लेकिन बाकी ट्रेनों के लिए रास्ता क्लियर कर दिया गया है।
ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि अचानक से तेज आवाज आई और ट्रेन रुक गई, इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल, इस घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, और रेलवे अधिकारियों द्वारा इसकी जांच की जा रही है।



