अंबाला बोरवेल हादसा: रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच मौके पर पहुंचे अनिल विज, बोले- ‘मासूम को सुरक्षित निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’

Ambala Borewell Rescue: हरियाणा के अंबाला जिले के धन्यौड़ा गांव में बोरवेल में गिरे चार वर्षीय मासूम निरवैर सिंह को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। इसी बीच सोमवार देर शाम हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया। मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी ली और बच्चे के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
‘बच्चे की जान बचाना सबसे पहली प्राथमिकता’
मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ रेस्क्यू अभियान चला रहा है और हर संभव संसाधन लगाए गए हैं ताकि मासूम को जल्द सुरक्षित निकाला जा सके।
सेना और SDRF की टीमें लगातार जुटीं
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि बचाव अभियान में सेना और एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीमें लगातार काम कर रही हैं। विशेषज्ञों की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है और बच्चे तक सुरक्षित पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
परिजनों को बंधाया ढांढस
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद अनिल विज ने बच्चे के परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।



