Maha Shivratri पर मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

Mwb News : जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर मौसम ने अपना मिजाज बदल दिया है। मौसम विभाग ने आज से अगले 4 दिनों तक जम्मू-कश्मीर के अधिकतर इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है। साथ ही विभाग ने जम्मू-कश्मीर के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है। महाशिवरात्रि पर भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
सुबह से ही कश्मीर के गुलमर्ग सहित कई ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है जिससे पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। साथ ही बारिश का सिलसिला भी जारी है जिससे किसानों की चिंता खत्म हो गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर पर मंडरा रहे सूखे का खतरा भी थोड़ा कम हो गया है। आने वाले दिनों में भी भारी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला यूं ही चलता रहेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बारिश और बर्फबारी से जम्मू-कश्मीर पर मंडरा रहा ग्लोबल वॉर्मिंग और सूखे का खतरा टल सकता है।
वहीं ऑरेंज अलर्ट में खराब मौसम को देखते हुए पहले से तैयारी और सावधान रहने की आवश्यकता होती है। इसमें लोगों को प्रशासन, मौसम विभाग और यातायात विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करना चाहिए। विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में आज शाम से 28 फरवरी की देर रात तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी होगी। इस समय के दौरान कश्मीर संभाग और जम्मू संभाग दोनों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश व बर्फबारी भी होगी। इससे मुख्य रूप से साधना दर्रा, राजधान दर्रा, सोनमर्ग-जोजिला, मुगल रोड, सिंथन दर्रा और पहाड़ी जिलों की अन्य प्रमुख सड़कों पर अस्थाई रूप से यातायात बंद भी हो सकता है।


