सरकार के 100 दिन होने पर कांग्रेस पर बरसे कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, गुटों में बंटा विपक्ष मिलना प्रदेश का दुर्भाग्य

एमडब्ल्यूबी न्यूज़,चंडीगढ़ । हरियाणा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने इस दौरान प्रदेश की बीजेपी सरकार की ओर से किए गए कार्यों को गिनाया। वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर कटाक्ष किया। इस दौरान हरियाणा में कांग्रेस विधायकों की ओर से सार्वजनिक रूप से मंच से की जा रही मुख्यमंत्री की तारीफ को लेकर भी गंगवा ने अपनी राय व्यक्त की।
‘अंत्योदय के तहत कर रहे काम’
रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा में जनता ने पहली बार लगातार तीसरी बार किसी दल की सरकार बनाई है। तीसरी बार सरकार बनते ही हरियाणा में भाजपा की सरकार एक्शन मोड में है। प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के मकसद से सरकार अंत्योदय के तहत काम कर रही है। पूरे देश में बीपीएल परिवार की सालाना आय की सीमा एक लाख 20 हजार रुपए रखी गई है, जबकि हरियाणा में अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके, इसलिए हरियाणा में इस आय सीमा को बढ़ाकर एक लाख 80 हजार रुपए किया गया है। साथ ही गरीब व्यक्ति के इलाज की राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपए किया गया है। अब कोई भी गरीब व्यक्ति किसी भी प्राइवेट अस्पताल में 10 लाख रुपए तक का अपना इलाज मुफ्त करवा सकता है।
‘युवाओं में विश्वास पैदा किया’
रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा पर चलते हरियाणा में किसी भी वर्ग के 70 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति का 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त करवाया जा रहा है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने सबसे बड़ा काम करते हुए युवाओं में विश्वास पैदा किया है। बीजेपी की ओर से सरकार आने पर 2 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया गया था, जिस पर चलते हुए सरकार बनते ही सबसे पहले 25 हजार युवाओं को घर बैठे नौकरी देने का काम किया गया। इसके अलावा डीएससी समाज को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया गया। इसी प्रकार से हर विभाग में जनहित के कार्य किए जा रहे हैं।
‘बंटा विपक्ष मिलना प्रदेश का दुर्भाग्य’
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर से बीते सालों के दौरान प्रदेश में विकास कार्य नहीं होने का आऱोप लगाए जाने पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि यह प्रदेश का दुर्भाग्य है कि उसे बंटा हुआ विपक्ष मिला है। विपक्ष के लोग एक-दूसरे पर ही आरोप लगाने में व्यस्त है। वह अपनी हार के लिए ईवीएम को दोष दे रहे हैं, जबकि ईवीएम नहीं उनके 10 साल के शासन के दौरान जो कार्य किए गए, उसके कारण वह लगातार सत्ता से बाहर है। गंगवा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासन में नौकरियां बेचने, भ्रष्टाचार फैलाने के अलावा एक ही क्षेत्र में विकास कार्य किया। इसके लिए विपक्ष को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
‘स्वस्थ प्रजातंत्र की पहचान’
हरियाणा में कांग्रेस के विधायकों की ओर से मुख्यमंत्री के साथ मंच सांझा किए जाने और उनकी तारीफ करने को लेकर रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का होता है। भाजपा सबका साथ-सबका विकास की नीति पर चलते हुए कार्य कर रही है। इसलिए सरकार की ओर से सत्ता और विपक्ष का भेदभाव किए बिना विकास के कार्य करवाए जा रहे हैं। कांग्रेस के विधायकों की ओर से मुख्यमंत्री की तारीफ किया जाना स्वस्थ प्रजातंत्र की निशानी है।



