NATIONAL

उत्तराखंड के चमोली हादसे में घायल 50 लोगों को बचाया गया, 4 की मौत

Mwb News: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी के बीच, चमोली जिले के बद्रीनाथ में शुक्रवार तड़के हिमस्खलन के कारण माणा गांव के पास 55 मजदूर फंस गए। बचाव कार्य में अब तक 50 मजदूरों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि 4 मजदूरों की मौत हो गई।

इस बीच, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि वायुसेना के हेलीकॉप्टर के साथ ही राज्य सरकार की एजेंसी युकाडा और प्राइवेट कंपनियों के हेलीकॉप्टर को भी बचाव कार्यों में शामिल किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बात की और चमोली जिले के माणा में फंसे मजदूरों को बचाने के प्रयासों की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने राज्य में हो रही बर्फबारी और बारिश की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली और आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए हर संभव मदद प्रदान करेगी।

उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में आज बारिश की संभावना है, जबकि 2 मार्च को मौसम साफ रहेगा। 3 मार्च को फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, अल्मोड़ा, बद्रीनाथ, भीमताल, चमोली, चंपावत, धारचूला, गोपेश्वर, हरिद्वार, हल्द्वानी, नैनीताल, मसूरी और मुक्तेश्वर में बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि, इन इलाकों में मौसम बाद में साफ हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
LIVE NOW