हरियाणा के सरकारी स्कूलों में 15 अप्रैल तक मिलेंगी किताबें, हर जिले में बनेगा मॉडल संस्कृति कॉलेज: CM नायब सैनी

चंडीगढ़, 9 अप्रैल – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा सुधारों की दिशा में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को 15 अप्रैल तक किताबें उपलब्ध करवा दी जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी स्कूलों के विद्यार्थी किसी भी बुक शॉप से पुस्तकें खरीद सकते हैं, किसी एक दुकान से खरीदने की बाध्यता नहीं होगी।
चंडीगढ़ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कार्यान्वयन को लेकर हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बजट भाषण में आए शिक्षा संबंधी विषयों पर त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर पिछले 10 वर्षों के प्रश्न पत्र और मॉक टेस्ट जल्द अपलोड किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालयों में खेल और स्वच्छता विषयों पर अलग कक्षाएं शुरू की जाएंगी और स्वच्छता व हरियाली पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, सभी स्कूलों व कॉलेजों में कोई भी सीट खाली नहीं रहनी चाहिए, इसके लिए आरटीई और उच्च शिक्षा संस्थानों में सख्ती से पालन के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने हरियाणा मैथ ओलंपियाड और मेधावी छात्रों को ISRO, DRDO जैसे संस्थानों का दौरा करवाने की योजना का भी ऐलान किया।
सीएम सैनी ने यह भी कहा कि हर जिले में एक राजकीय कॉलेज को ‘मॉडल संस्कृति महाविद्यालय’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें उच्च शैक्षणिक मानक और समर्पित सुविधाएं होंगी।



