CHANDIGARHHARYANATrending News

हरियाणा बजट सत्र को लेकर सरकार पूरी तरह तैयार, विपक्ष के सवालों का देंगे डटकर जवाब: अनिल विज

हरियाणा में बजट सत्र को लेकर सरकार पूरी तरह से तैयार है। इस बीच, विपक्ष अभी तक अपना नेता तय नहीं कर पाया है।

अंबाला/चंडीगढ़, 03 मार्च: हरियाणा में बजट सत्र को लेकर सरकार पूरी तरह से तैयार है। इस बीच, विपक्ष अभी तक अपना नेता तय नहीं कर पाया है। इसी को लेकर राज्य के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मुद्दे पर तैयार है और विपक्ष अगर कोई सवाल करेगा, तो उसका डटकर जवाब दिया जाएगा।

 

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने यह बयान आज पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया। निकाय चुनावों में कम मतदान प्रतिशत पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव दो पार्टियों के बीच होता है, लेकिन इस बार विपक्ष पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा, “हमारे समर्थकों ने अपने वोट डाले, लेकिन विपक्ष के लोग मतदान केंद्रों पर नहीं पहुंचे, इसलिए मतदान प्रतिशत कम रहा।”

 

रोहतक हत्याकांड पर सरकार की कार्रवाई

रोहतक में कांग्रेस महिला कार्यकर्ता की हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया और 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर जवाब देते हुए विज ने कहा, “हुड्डा साहब तो बोलते ही रहते हैं, लेकिन हमारी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।”

 

अंबाला एयरपोर्ट से जल्द शुरू होंगी उड़ानें

अनिल विज ने अंबाला छावनी एयरपोर्ट को लेकर कहा कि उड़ानों की शुरुआत के लिए सभी जरूरी कार्य पूरे हो चुके हैं। “आचार संहिता हटते ही अंबाला से अयोध्या, जम्मू, कश्मीर और लखनऊ के लिए विमान सेवा शुरू कर दी जाएगी,” उन्होंने कहा।

मुफ्त योजनाओं पर टिप्पणी

मध्य प्रदेश के एक मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें कहा गया था कि “लोगों को सरकार से भीख मांगने की आदत पड़ गई है,” अनिल विज ने कहा कि मुफ्त योजनाओं के बढ़ते चलन को लेकर अर्थशास्त्री भी चिंता जता चुके हैं।

 

दिल्ली सरकार पर कसा तंज

कैग (CAG) रिपोर्ट में दिल्ली सरकार की कार्यप्रणाली पर उठे सवालों पर विज ने कहा, “जो भी दिल्ली के खजाने को लूटने में शामिल हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

बजट सत्र के लिए सरकार तैयार

अनिल विज ने कहा कि सरकार जनता के हित में फैसले ले रही है और बजट में भी उनकी प्राथमिकताओं को शामिल किया जाएगा। विपक्ष को लेकर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “अगर विपक्ष कोई सवाल उठाएगा, तो हम उसका पूरी मजबूती से जवाब देंगे।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
LIVE NOW