कष्ट निवारण समिति की बैठक में 13 मामलों का समाधान, कोर्ट से जुड़े मामलों को नहीं लिया जाएगा: विपुल गोयल
विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य की बैठकों में पूरी तैयारी के साथ आएं और न्यायालय में लंबित मामलों को इन बैठकों में शामिल न करें।

पंचकूला,22 जनवरी। पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के राजस्व एवं आपदा मंत्री विपुल गोयल ने की। बैठक में 15 में से 13 मामलों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि दो मामलों को जांच के लिए अगली बैठक में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य की बैठकों में पूरी तैयारी के साथ आएं और न्यायालय में लंबित मामलों को इन बैठकों में शामिल न करें। बैठक में गांव जोधपुर की जमीन से जुड़ी फर्जी इंतकाल और रजिस्ट्री की शिकायत पर विस्तार से जांच के निर्देश दिए गए।
अन्य मामलों में, रामगढ़ में सफाई और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 35 लाख रुपए का एस्टीमेट तैयार किया गया है। वहीं, सेक्टर-19 फ्लाईओवर पर सीढ़ियों के निर्माण को अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, मेयर कुलभूषण गोयल और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



