डीसी कुलवंत सिंह को मिलेगा सर्वोत्तम इलेक्शन प्रेक्टिस पुरस्कार, राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मिलेगा सम्मान ।

एमडब्ल्यूबी न्यूज़,चंडीगढ़ । मानसा जिले के डीसी सरदार कुलवंत सिंह को सर्वोत्तम इलेक्शन प्रेक्टिस पुरस्कार के लिए चुना गया है। पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी की ओर से इस संबंध में पत्र जारी किया गया है। पत्र के अनुसार 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर लुधियाना में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के दौरान सरदार कुलवंत सिंह को यह पुरस्कार दिया जाएगा।
सरदार कुलवंत सिंह को यह सम्मान जिला मोगा में डिप्टी कमिश्नर और जिला चुनाव अधिकारी के रूप में दी गई मिसाली सेवाओं के लिए प्रदान किया जा रहा है। सरदार कुलवंत सिंह ने मोगा में अपने कार्यकाल के दौरान मतदाताओं को जागरूक करने और चुनावी भागीदारी बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए। उनके द्वारा किए गए उपायों में वोट प्रतिशत बढ़ाना, ट्रांसजेंडर मतदाताओं की वोटिंग में भागीदारी बढ़ाना, डेरे में रहने वाले मतदाताओं तक पहुंच, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों और महिला मतदाताओं की वोटों में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई प्रयास किए थे जिस के सार्थक परिणाम निकले थे।
इसके अलावा उन्होंने “युवाओं चलया बूथ” के बैनर तले मतदाता जागरूकता रैलियों के माध्यम से नए मतदाताओं को वोट देने के अधिकार के बारे में जागरूक किया। इसी तरह उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद से 5 लाख से अधिक मतदाताओं से संपर्क करके उन्हें जागरूक किया। इसके साथ ही जिला प्रबंधकीय परिसर में आने वाले लोगों को वोटों के प्रति जागरूक करने के लिए स्वीप दीवार भी तैयार करवाई गई।
सरदार कुलवंत सिंह ने मोगा जिले में बसों में सवार होकर यात्रियों को मतदान के प्रति प्रेरित किया था, जिसके परिणामस्वरूप मोगा जिले में वोट प्रतिशत में वृद्धि हुई।



