Himachal Weather: हिमाचल में बदला मौसम, 5 फरवरी तक बर्फबारी व बारिश की संभावना

MWB News: हिमाचल में मौसम एक फिर बदल गया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। मंगलवार को प्रदेश की राजधानी शिमला और मनाली सहित कई शहरों में सर्द हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं मैदानी इलाकों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है और कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। स्पीति घाटी में 2 इंच हिमपात हुआ जबकि लाहौल में बर्फ के फाहे गिरे। रोहतांग दर्रे सहित शिंकुला, बारालाचा व कुंजम दर्रे में दिन भर हिमपात हुआ।
अटल टनल के दोनों छोरों में हिमपात हुआ है। लाहौल की चंद्रा घाटी में देर रात बर्फीला तूफान चला रहा। रोहतांग सहित हनुमान टिब्बा, मकरवेद व शिकर वेद, इंद्रकिला, चंद्रखणी, हामटा धुंधी, भृगु व दशौहर की पहाड़ियों में बर्फ के फाहे गिरे। रोहतांग के उस पार लेडी ऑफ केलांग, नीलकंठ की पहाड़ियों, चन्द्रताल, जिंगजिंगवार सहित सीबी रेंज की चोटियों पर हिमपात हुआ। हल्के हिमपात के बीच लाहौल-स्पीति में वाहनों की आवाजाही सुचारू रही। एसपी लाहौल-स्पीति मयंक चौधरी ने बताया कि मंगलवार को जिले में बर्फबारी के बीच वाहनों की आवाजाही सुचारू रही।



