हरियाणा के इन ज़िलों में दो दिन बंद रहेंगे शराब के ठेके, जानिए वजह

एमडब्ल्यूबी न्यूज़ ,चंडीगढ़ । देश की राजधानी दिल्ली में हो रहे विधानसभा चुनाव का असर हरियाणा की राजनीति में साफ दिखाई दिया। एक ओर जहां हरियाणा और पड़ोसी राज्य पंजाब के मुख्यमंत्री अपने दिग्गज नेताओं के साथ पूरे चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली में डेरा डाले रहे। वहीं, अब दिल्ली चुनाव को लेकर सरकार ने दो बड़े फैसले लिए हैं। दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव और 8 फरवरी को होने वाली मतगणना के दौरान हरियाणा के फरीदाबाद और गुरुग्राम जिले में शराब के ठेके बंद रहेंगे। मतदान और मतगणना यानि 5 और 8 फरवरी दोनों दिन इन जिलों में सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक शराब की दुकान और ठेके बंद रहेंगे। भारतीय चुनाव आयोग ने दिल्ली से सटे राज्यों की सरकारों को निर्देश दिए हैं कि मतदान और मतगणना वाले दिन शराब के ठेके बंद रखे जाएं।
हरियाणा सरकार ने घोषित किया अवकाश
हरियाणा सरकार ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पांच फरवरी को सभी सार्वजनिक कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, बोर्ड और निगमों में सवैतनिक अवकाश की घोषणा की है। इस अवकाश का उद्देश्य दिल्ली में पंजीकृत राज्य सरकार के कर्मचारियों को मतदान की सुविधा देना है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, “यह प्रावधान, परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 (1996 में संशोधित) की धारा 135-बी के तहत, उन कर्मचारियों पर लागू होता है जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के पंजीकृत मतदाता है, जिससे उसे आम चुनाव में अपना वोट डालने की सहूलियत मिलती है।” साथ ही हरियाणा में कारखानों, दुकानों और निजी प्रतिष्ठानों के कर्मचारी जो दिल्ली के पंजीकृत मतदाता हैं, उन्हें भी इस उद्देश्य के लिए सवैतनिक अवकाश का अधिकार होगा। बता दें कि दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजों की घोषणा आठ फरवरी को होगी।



