CHANDIGARHHARYANA

बहुजन समाज पार्टी ने हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष को बदला, जानिए अब किसे दी जिम्मेदारी ?

एमडब्ल्यूबी न्यूज़ ,चंडीगढ़ । बहुजन समाज पार्टी ने हरियाणा के संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अपने प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया है। रादौर विधानसभा सीट से बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष धर्मपाल तिगरा के नेतृत्व में ही पार्टी ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ा था। तिगरा को करीब 6 महीने पहले ही प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। धर्मपाल तिगरा को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाने के बाद पार्टी की ओर से जमालपुर के कृष्ण को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्ति किया गया है। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश कार्यालय की ओर से 27 जनवरी को इस बारे में एक पत्र जारी किया गया है।

छात्र राजनीति से सक्रिय हुए थे कृष्ण

बहुजन समाज पार्टी ने हरियाणा में पार्टी संगठन को मजबूती देने के लिए कृष्ण जमालपुर को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे हांसी के पास स्थित गांव जमालपुर के निवासी हैं। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर छात्र राजनीति से सक्रिय हुए थे। आम कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने की उनकी क्षमता के चलते उनको प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। कृष्ण जमालपुर ने वर्ष 1995 में पार्टी में बूथ अध्यक्ष से संगठनात्मक राजनीति का सफर शुरू किया था। इससे पूर्व पढ़ाई के दौरान छात्र राजनीति के साथ बसपा से भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे। वर्ष 2002 में बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष बने तथा वर्ष 2004 में भिवानी के जिला अध्यक्ष नियुक्त हुए। लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी संभाली।

इस दौरान उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वर्ष 2006 में प्रदेश सचिव तथा वर्ष 2007 से 2010 तक प्रदेश महासचिव रहे। इसके बाद जोन प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए प्रदेश प्रभारी नियुक्त हुए। बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र से 2005 और 2009 में विधानसभा चुनाव लड़ा। इस दौरान कई आंदोलनों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
LIVE NOW