पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने भाजपा नेताओं के साथ मिलकर जलेबी बांटकर जीत की खुशी मनाई।

एमडब्ल्यूबी न्यूज़ ,चंडीगढ़ । दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत हासिल हुआ है। 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सत्ता में वापसी हुई है। जिसे लेकर देशभर में भाजपा खूब जश्न मना रही है। अंबाला शहर में भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों की थाप पर नाचकर व पटाखे फोड़कर दिल्ली की जीत का जश्न मनाया। इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल भी जीत के जश्न में शामिल हुए। शहर के मुख्य चौक जगाधरी गेट पर पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने भाजपा नेताओं के साथ मिलकर जलेबी बांटकर जीत की खुशी मनाई। इस दौरान असीम गोयल ने दिल्ली में खाता भी न खोल पाने वाली कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल पर तीखे तंज भी कसे। असीम गोयल ने कहा कि यह कांग्रेस की समाप्ति का काल चल रहा है। आज दिल्ली को आपदा से मुक्ति मिली है। आज न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश में मिठाईयां बांटी जा रही है। अब दिल्ली की जनता भी डबल इंजिन की सरकार के विकास को देख पाएगी। असीम गोयल ने कहा कि अगले 5 साल में बदली हुई दिल्ली नजर आएगी।
केजरीवाल को आड़े हाथों लेते हुए असीम गोयल ने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने केजरीवाल के अहंकार का दमन किया है। असीम गोयल ने केजरीवाल की बयानबाजी पर कटाक्ष करते हुए कहा आज केजरीवाल की पार्टी को मां यमुना का श्राप भी लगा है। जिस तरह केजरीवाल ने झूठी कसमें खाकर राजनीति की। आज की जीत नरेंद्र मोदी की नीतियों की जीत और कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। दिल्ली की जनता ने केजरीवाल और उनकी पार्टी को सिरे से नकार दिया है।



