विधायी संस्थाओं में बढ़ेगी युवा और महिलाओं की भागीदारी: हरविन्द्र कल्याण
विधायी संस्थाओं में बढ़ेगी युवा और महिलाओं की भागीदारी: हरविन्द्र कल्याण प्रबोधन कार्यक्रम की सफलता से उत्साहित विस अध्यक्ष ने बनाई प्रशिक्षण योजनाएं, शोध और एआई तकनीकों को मिलेगा बढ़ावा

चंडीगढ़,17 फरवरी । हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि विधायी संस्थाओं में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही विधानसभा सचिवालय में शोध और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीकों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने सोमवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-3 स्थित हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी।
प्रबोधन कार्यक्रम से विधायी कार्यों की गुणवत्ता में सुधार
कल्याण ने कहा कि हाल ही में आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम की सफलता ने उन्हें भविष्य में और अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया है। 14 और 15 फरवरी को हुए इस कार्यक्रम में विधायकों ने गहरी रुचि दिखाई और विधायी कार्यों की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चाएं कीं।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान विधायकों को आदर्श विधायक बनने, विधायी समितियों की कार्यप्रणाली, प्रश्न पूछने की विधियां और वित्तीय कामकाज जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा, मंत्रियों की विधायी भूमिका पर भी विशेष चर्चा की गई।
डिजिटल विधायिका की ओर हरियाणा का कदम
कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक देश, एक विधायिका’ के सपने को साकार करने के लिए हरियाणा सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। पूरे देश में एक डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया जा रहा है, जिससे संसद और सभी राज्यों की विधानसभाएं आपस में सूचनाओं का आदान-प्रदान कर सकें।
शोध और एआई आधारित तकनीकों को मिलेगा प्रोत्साहन
विधान सभा अध्यक्ष ने घोषणा की कि विधानसभा सचिवालय में शोध और पुस्तकालय के लिए एक विशेष विंग गठित की जाएगी। यह विंग विधायकों को आवश्यक संसदीय जानकारी उपलब्ध कराएगी, जिससे सदन में बाधा रहित चर्चा हो सके और कार्यवाही सुचारू रूप से चले।
उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन के तहत विधायकों को नई तकनीकें सीखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे विधानसभा की प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेंगी।
युवा और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास
हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि विधायी संस्थानों में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए अभिनव प्रयोग किए जाएंगे। इसके लिए स्थानीय शहरी निकाय, पंचायती राज संस्थाएं और सहकारिता सम्मेलन के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों को सशक्त किया जाएगा।
विधायकों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम
कल्याण ने घोषणा की कि भविष्य में विधायकों और विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में लोक सभा सचिवालय के संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (PRIDE) और पंचकूला स्थित हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (HIPA) की मदद ली जाएगी।
विधायकों से अध्ययन और तैयारी करने का आह्वान
विधान सभा अध्यक्ष ने विधायकों से आह्वान किया कि वे जनअपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए नियम, प्रक्रियाओं और संसदीय प्रथाओं का गहन अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि सदन की चर्चाओं और समिति की बैठकों में भाग लेने से पहले विधायकों को संबंधित विषयों और कानूनों की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि उनकी बात प्रभावी हो।



