Himachal: कल होगी मंत्रिमंडल की बैठक, बजट सत्र पर लगेगी मुहर

MWB news: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में 13 फरवरी को होने वाली मंत्रिमंडल बैठक में मार्च माह में होने वाले विधानसभा के बजट सत्र पर मुहर लगेगी। बजट सत्र का शुभारंभ मार्च के पहले या दूसरे सप्ताह में होगा। सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा।
राज्यपाल अभिभाषण को सरकारी स्तर पर अंतिम रूप दिए जाने की स्थिति में इसके ऊपर चर्चा हो सकती है या फिर इस विषय को मंत्रिमंडल की अगली बैठक में लाया जाएगा। केंद्र सरकार की तरफ से स्वीकृत यूनिफाइड पैंशन स्कीम (यूपीएस) मंत्रिमंडल में चर्चा के लिए आ सकती है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस विषय को चर्चा के लिए लाए जाने की बात कही है। राज्य सरकार यदि केंद्र सरकार की यूपीएस स्कीम को लागू करने का विकल्प चुनती है तो इससे प्रदेश को 1600 करोड़ रुपए अतिरिक्त कर्ज मिल सकेगा।
केंद्र सरकार के पास इस समय न्यू पैंशन स्कीम (एनपीएस) कर्मचारियों के करीब 9000 करोड़ रुपए भी फंसे हैं तथा यूपीएस लागू करने पर इसको प्राप्त करने के रास्ते खुल सकते हैं। मौजूदा वित्तीय हालात में राज्य सरकार के लिए यह बेहतर विकल्प साबित हो सकता है, लेकिन प्रतिकूल हालात के बावजूद वर्तमान सरकार ओल्ड पैंशन स्कीम (ओपीएस) को लागू करने पर अडिग नजर आई है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की तरफ से हिमाचल प्रदेश सरकारी कर्मचारी भर्ती एवं सेवा की शर्तें विधेयक 2024 को मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार इसको लागू करने की दिशा में आगे बढ़ सकती है। इसके अनुसार अब अनुबंध कर्मचारियों को ज्वाइनिंग की तिथि से वरिष्ठता सहित अन्य वित्तीय लाभ नहीं मिलेंगे। सरकार का कहना है कि यह विधेयक कर्मचारी हित में है, क्योंकि ऐसा नहीं करने से पूरा सिस्टम गड़बड़ा जाएगा तथा वरिष्ठता का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।



