चंडीगढ़ में 53वां रोज फेस्टिवल: फूलों की महक और संगीत की गूंज से सराबोर होगा शहर

चंडीगढ़ में बहुप्रतीक्षित 53वें रोज फेस्टिवल की धूम मच चुकी है। तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में लोग 825 किस्म के गुलाबों की खुशबू का आनंद ले सकेंगे, वहीं संगीत और नृत्य के शानदार कार्यक्रम भी लोगों का मन मोह लेंगे। इस फेस्टिवल का उद्घाटन पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने किया, जहां मेयर हरप्रीत कौर बबला भी मौजूद रहीं।
फूलों के साथ संगीत और मस्ती का शानदार मेल
रोज फेस्टिवल में रोज गार्डन और लेजर वैली में फ्री एंट्री होगी, जहां दर्शक खूबसूरत गुलाबों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकते हैं। दिनभर मनोरंजन के लिए शिल्प प्रदर्शनी, मनोरंजन पार्क, फूड कोर्ट और बिजनेस स्टॉल भी लगाए गए हैं।
तीन दिनों तक धमाकेदार प्रस्तुतियां
21 फरवरी: सुबह 11:10 बजे ब्रास और पाइप बैंड शो, दोपहर 12:30 बजे लोक नृत्य प्रतियोगिता, शाम 4:30 बजे भंगड़ा शो और फिर 5 बजे पंजाबी म्यूजिकल संध्या का आयोजन होगा।
22 फरवरी: बॉलीवुड की चर्चित गायिका मोनाली ठाकुर अपनी सुरमयी आवाज से समां बांधेंगी।
23 फरवरी: पंजाबी म्यूजिक के दिग्गज गुरदास मान अपने गीतों से समां बांधेंगे।
झूलों और खाने के स्टॉल्स से बढ़ेगा फेस्टिवल का मज़ा
फेस्टिवल में लेजर वैली में झूले लगाए गए हैं, जहां छोटे-बड़े सभी के लिए अलग-अलग झूलों की व्यवस्था होगी। इसके अलावा, पंजाबी, हिमाचली और विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजन फूड कोर्ट में उपलब्ध होंगे।
अगर आप चंडीगढ़ में हैं, तो इस शानदार फेस्टिवल का हिस्सा बनना न भूलें! फूलों की खुशबू और संगीत की धुनों के साथ इस रंगारंग महोत्सव में खुद को सराबोर करें।



