PUNJAB

चोर निकला चूहा! मोहाली की दुकान से 500 रुपये लेकर फरार, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

मोहाली, मटौर: मोहाली के मटौर इलाके में स्थित एक दुकान में ऐसी घटना घटी, जिसने सबको हैरान कर दिया। संत डिपार्टमेंटल स्टोर में चोरी का ऐसा मामला सामने आया, जिसे देखकर दुकानदार और ग्राहक दोनों दंग रह गए। चोरी करने वाला कोई इंसान नहीं, बल्कि एक चूहा था, जिसने बड़ी होशियारी से गल्ले से 500 रुपये उड़ा लिए।

घटना सुबह की है। दुकान पर एक ग्राहक ने 500 रुपये की खरीदारी की थी। दुकानदार ने वह पैसा गल्ले में रखा और सामान देने के लिए थोड़ी देर के लिए दुकान के अंदर चला गया। जब वह वापस लौटा, तो गल्ले से 500 रुपये गायब थे।

 

परेशान दुकानदार ने इधर-उधर तलाश की लेकिन पैसे का कोई सुराग नहीं मिला। जब उसने दुकान में लगे CCTV कैमरे की फुटेज खंगाली, तो उसके होश उड़ गए। फुटेज में देखा गया कि एक चूहा गल्ले के पास आया, नोट को मुंह में दबाया और तेजी से वहां से भाग निकला।

चूहे की “चतुराई” ने किया सबको हैरान

CCTV फुटेज देखकर दुकानदार समेत सभी मौजूद लोग हैरान रह गए। चूहे ने इतनी फुर्ती और चतुराई से यह “चोरी” की, मानो वह पूरी तरह प्रशिक्षित हो। दुकानदार अब यह सोचने पर मजबूर है कि कहीं यह चूहा पहले भी ऐसी हरकतें तो नहीं कर चुका।

 

मामला सोशल मीडिया पर वायरल

यह अनोखी घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। लोग इसे देखकर जमकर मजाकिया कमेंट कर रहे हैं। किसी ने कहा कि “चूहा चोरों का गुरु निकला,” तो किसी ने इसे चूहों की बढ़ती समस्याओं का गंभीर उदाहरण बताया।

 

यह घटना अब इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। जहां लोग इसे मजेदार मान रहे हैं, वहीं यह चूहों की बढ़ती समस्या और साफ-सफाई के महत्व की ओर भी इशारा करती है।

 

फिलहाल, चूहे का कोई सुराग नहीं मिला है। लेकिन यह घटना संत डिपार्टमेंटल स्टोर के इतिहास में एक ऐसा किस्सा बन गई है, जिसे लोग लंबे समय तक याद करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
LIVE NOW